ग्लोबल गैप मानकों पर आधारित मेंटरशिप कार्यक्रम के तहत फील्ड विजिट एवं प्रशिक्षण सत्र संपन्न
केन्या के मास्टर ट्रेनर डेनियल महिन्दा वाहोमे ने दी निर्यात उन्मुख कृषि की तकनीकी जानकारी

ग्लोबल गैप मानकों पर आधारित मेंटरशिप कार्यक्रम के तहत फील्ड विजिट एवं प्रशिक्षण सत्र संपन्न
ग्लोबल गैप मानकों पर आधारित प्रशिक्षण के तहत फील्ड विजिट आयोजित, अधिकारियों को मिला व्यावहारिक ज्ञान
केन्या के मास्टर ट्रेनर डेनियल महिन्दा वाहोमे ने दी निर्यात उन्मुख कृषि की तकनीकी जानकारी
प्रदेश में कृषि निर्यात को बढ़ावा देने हेतु अधिकारियों को दस्तावेजीकरण व फील्ड स्तर पर प्रशिक्ष
कृषि, उद्यान तथा कृषि विपणन एवं कृषि विदेश व्यापार विभाग के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त अच्छी कृषि पद्धतियों (ग्लोबल गैप) पर आधारित क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत 15 अप्रैल, 2026 को मेंटरशिप सत्र के प्रथम दिवस पर फील्ड विजिट तथा गुरूवार को ग्लोबल गैप के सिद्धांतों एवं मापदंडों के क्रियान्वयन से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश के अधिकारियों को कृषि निर्यात हेतु वैश्विक मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान करना है।
प्रथम दिवस पर केन्या से आए ग्लोबल गैप के मास्टर ट्रेनर डेनियल महिन्दा वाहोमे द्वारा लगभग 40 प्रतिभागी अधिकारियों को फील्ड स्तर पर तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों को मलिहाबाद स्थित इरादा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के फार्म का भ्रमण कराया गया, जहां ग्लोबल गैप मानकों के अनुरूप कृषि गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही रहमानखेड़ा स्थित मैंगो पैक हाउस का भी निरीक्षण कराया गया, जहां आम के निर्यात से संबंधित वाष्प ताप उपचार, गर्म जल उपचार, छँटाई, श्रेणीकरण, पैकिंग एवं प्री-कूलींग जैसी प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान मास्टर ट्रेनर डेनियल महिन्दा वाहोमे ने बताया कि ग्लोबल गैप प्रमाणीकरण विकसित देशों में कृषि निर्यात के लिए एक अनिवार्य मानक है और इसके प्रभावी क्रियान्वयन से भारतीय उत्पादों की वैश्विक बाजार में स्वीकार्यता बढ़ेगी। उन्होंने प्रतिभागियों को दस्तावेजीकरण, ट्रेसबिलिटी, आंतरिक निरीक्षण एवं ऑडिट तैयारी से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।
द्वितीय दिवस (16 अप्रैल 2026) को किसान मंडी भवन, गोमती नगर, लखनऊ में आयोजित सत्र में प्रतिभागियों को ग्लोबल गैप के सिद्धांतों एवं मापदंडों के क्रियान्वयन से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान विभिन्न असाइनमेंट के माध्यम से प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने निष्कर्ष प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में अमित यादव, गंगा दयाल, संजय कुमार सहित उद्यान विभाग के विभिन्न अधिकारियों की उपस्थिति रही।
प्रशिक्षण प्राप्त अधिकारी अपने-अपने जनपदों में ग्लोबल गैप मानकों के अनुरूप कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देंगे तथा किसानों को निर्यात उन्मुख खेती के लिए प्रोत्साहित करेंगे।



