उत्तर-प्रदेश

मंत्री गुलाब देवी के निर्देशन में प्रदेशभर के विद्यालयों में “नारी शक्ति वंदन जागरूकता कार्यक्रम” शुरू

“सशक्त नारी-विकसित भारत” के संदेश के साथ छात्राओं ने बनाई जागरूकता श्रृंखला

17 व 20 अप्रैल को होंगी विविध प्रतियोगिताएं

महिला अधिकार, समानता और शिक्षा पर फोकस, विद्यालयों में जनभागीदारी से कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश

प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गुलाब देवी के निर्देशन में राज्य के समस्त राजकीय एवं सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” के तहत “नारी शक्ति वंदन जागरूकता कार्यक्रम” आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान, समानता और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है।

अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा मनोज कुमार द्विवेदी ने बताया कि इसी क्रम में गुरुवार को विद्यालयों में छात्राओं, शिक्षिकाओं एवं महिला अभिभावकों द्वारा “सशक्त नारी-विकसित भारत” के संदेश के साथ भव्य श्रृंखला बनाकर जनजागरूकता का संदेश दिया गया। आगामी 17 एवं 20 अप्रैल को भी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें आत्मरक्षा तकनीकों का प्रदर्शन, वाद-विवाद प्रतियोगिता, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता, कविता, पोस्टर एवं स्लोगन निर्माण प्रतियोगिता तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल हैं।

इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को महिला अधिकारों, शिक्षा के महत्व, लैंगिक समानता तथा समाज में महिलाओं की भूमिका के प्रति संवेदनशील बनाया जा रहा है। यह पहल नई पीढ़ी में सकारात्मक सोच विकसित करने और महिला सशक्तिकरण को मजबूती प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु समस्त मण्डलीय संयुक्त शिक्षा निदेशकों, जिला विद्यालय निरीक्षकों एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि विद्यालयों में गतिविधियों का आयोजन प्रभावी एवं सहभागितापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए तथा स्थानीय स्तर पर समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button