उत्तर-प्रदेश

*रिलायंस फाउंडेशन से संवरेगा 10 लाख लड़कियों का भविष्य, मिलेंगे हुनर और करियर के नए अवसर*

· एस्टी लॉडर कंपनिज चैरिटेबल फाउंडेशन के साथ बहुवर्षीय साझेदारी
· 14 से 20 साल की लड़कियों को लाइफ स्किल्स, डिजिटल और वित्तीय जानकारी के साथ करियर विकल्पों की मिलेगी जानकारी

*मुंबई, 14 अक्टूबर 2026:* रिलायंस फाउंडेशन ने देशभर की 10 लाख लड़कियों और युवा महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए एस्टी लॉडर कंपनिज चैरिटेबल फाउंडेशन के साथ साझेदारी की है। कार्यक्रम की शुरुआत महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से होगी और बाद में इसे देश के दूसरे हिस्सों में भी ले जाने की योजना है। इसमें 14 से 20 साल की लड़कियों और युवतियों को आत्मविश्वास, लाइफ स्किल्स, डिजिटल और वित्तीय जानकारी के साथ आगे की पढ़ाई, ट्रेनिंग और रोजगार के विकल्पों के बारे में बताया जाएगा।

रिलायंस फाउंडेशन की डायरेक्टर ईशा अंबानी ने कहा, “मेरा मानना है कि हर लड़की में बड़े सपने देखने का आत्मविश्वास, नेतृत्व करने का साहस और अपनी आकांक्षाओं को पूरा करने का अवसर होना चाहिए।” उन्होंने कहा कि इस साझेदारी के जरिए 10 लाख लड़कियों और युवा महिलाओं को अपनी पूरी क्षमता तक पहुंचने के लिए जरूरी मजबूती देने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में रोजमर्रा की चुनौतियों से निपटने, फैसले लेने और नेतृत्व क्षमता बढ़ाने पर भी जोर होगा। लड़कियों को डिजिटल टूल्स और वित्तीय सेवाओं के सुरक्षित इस्तेमाल के साथ शिक्षा, रोजगार, आजीविका और उद्यमिता से जुड़े विकल्पों की जानकारी दी जाएगी। ट्रेनिंग ऑफलाइन और डिजिटल दोनों तरीके से होगी।

एस्टी लॉडर कंपनिज के प्रेसिडेंट और CEO स्टेफान दे ला फेवरे ने कहा, “हमें रिलायंस फाउंडेशन के साथ मिलकर भारत की लड़कियों और युवा महिलाओं के लिए और अधिक अवसर तैयार करने पर गर्व है, ताकि वे आधुनिक कार्यक्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए जरूरी कौशल हासिल कर सकें।”

रिलायंस फाउंडेशन 2010 से महिलाओं और लड़कियों के लिए शिक्षा, खेल, आजीविका और दूसरे क्षेत्रों में काम कर रहा है। नई साझेदारी इसी काम को आगे बढ़ाते हुए लड़कियों को अपने जीवन के अगले चरण के बारे में ज्यादा जानकारी और बेहतर फैसले लेने की क्षमता देने पर केंद्रित होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button