उत्तर-प्रदेश

*बाराबंकी जिला अस्पताल का अतिरिक्त निदेशक स्वास्थ्य ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा*

बाराबंकी। अयोध्या मंडल के अतिरिक्त निदेशक स्वास्थ्य एवं जनपद के अपर निरीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह चौहान ने मंगलवार को बाराबंकी जिला सरकारी अस्पताल, ट्रामा सेंटर, ओपीडी तथा जिला महिला चिकित्सालय का विस्तृत निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत दवा वितरण कक्ष से हुई, जहां डॉ. बृजेश कुमार सिंह चौहान ने मरीजों को वितरित की जा रही दवाइयों की उपलब्धता एवं गुणवत्ता की जांच की। इसके बाद उन्होंने स्टॉक रूम का निरीक्षण कर दवाओं के रखरखाव, स्टॉक रजिस्टर, एक्सपायरी रिकॉर्ड तथा वितरण व्यवस्था को देखा। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि मरीजों को आवश्यक दवाइयां समय से उपलब्ध कराई जा रही हैं या नहीं।
डॉ. बृजेश कुमार सिंह चौहान ने अस्पताल में संचालित एंटी रेबीज वैक्सीनेशन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षु बच्चों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से इंजेक्शन लगाने की प्रक्रिया, उपयोग के बाद सिरिंज के सुरक्षित निस्तारण तथा संक्रमण से बचाव संबंधी जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में मौजूद मरीजों एवं तीमारदारों से भी बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद डॉ. बृजेश कुमार सिंह चौहान ट्रामा सेंटर पहुंचे, जहां उन्होंने इमरजेंसी सेवाओं, ऑपरेशन थिएटर, उपचार व्यवस्था तथा साफ-सफाई का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि गंभीर मरीजों को तत्काल बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। निरीक्षण के दौरान ब्लड बैंक का भी जायजा लिया गया और रक्त उपलब्धता एवं रिकॉर्ड व्यवस्था की जानकारी ली गई।
बाल रोग वार्ड पहुंचकर डॉ. बृजेश कुमार सिंह चौहान ने भर्ती बच्चों एवं उनके परिजनों से बातचीत की। वहीं जच्चा-बच्चा वार्ड में महिलाओं से पूछा कि उन्हें समय से दवाइयां, भोजन एवं अन्य सुविधाएं मिल रही हैं या नहीं। मरीजों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए सुविधाओं को बेहतर बताया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. बृजेश कुमार सिंह चौहान ने ओपीडी व्यवस्था की भी समीक्षा की और सभी चिकित्सकों से प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना अस्पताल प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
इसके बाद अतिरिक्त निदेशक डॉ. बृजेश कुमार सिंह चौहान जिला महिला चिकित्सालय पहुंचे, जहां उन्होंने ओपीडी, प्रसूति वार्ड तथा ऑपरेशन थिएटर के बाहर मौजूद मरीजों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। रामनगर निवासी एक महिला मायावती ने बताया कि उनके घर से अभी कोई लेने नहीं आया है और वह वापस घर जाना चाहती हैं। इस पर डॉ. बृजेश कुमार सिंह चौहान ने तत्काल संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए महिला को एंबुलेंस के माध्यम से घर भिजवाने की व्यवस्था कराई।
अस्पताल की छठी मंजिल पर आयोजित एक कार्यक्रम में भी डॉ. बृजेश कुमार सिंह चौहान पहुंचे, जहां उन्होंने नर्सिंग स्टाफ के साथ स्वास्थ्य जागरूकता, जच्चा-बच्चा स्वास्थ्य, पोषण एवं मरीजों की देखभाल को लेकर चर्चा की। उन्होंने नर्सिंग स्टाफ के कार्यों की सराहना करते हुए बेहतर सेवाएं देने के लिए शुभकामनाएं दीं।
निरीक्षण के दौरान पुरुष जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. जेपी मौर्य भी मौजूद रहे। उन्होंने अतिरिक्त निदेशक को अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं, विभागों एवं सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। वहीं जिला महिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. प्रदीप सिंह ने भी महिला अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कराते हुए विभिन्न विभागों की जानकारी साझा की।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button