*बाराबंकी जिला महिला चिकित्सालय में अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग दिवस धूमधाम से मनाया गया*

बाराबंकी।
जनपद के जिला महिला चिकित्सालय में मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में किया गया, जिसमें महिला चिकित्सालय के समस्त नर्सिंग स्टाफ ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान नर्सिंग स्टाफ को मरीजों के प्रति बेहतर व्यवहार, सेवा भावना तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का संदेश दिया गया। वरिष्ठ एवं कनिष्ठ नर्सिंग स्टाफ को एकजुट होकर कार्य करने और एक-दूसरे का सम्मान करने की सीख दी गई। कार्यक्रम में कहा गया कि जब पूरा काफिला साथ चलकर कार्य करता है तो हर मंजिल आसान हो जाती है, इसलिए सभी कर्मचारियों को एक-दूसरे का सहयोग करते हुए अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना चाहिए।
इस अवसर पर महिला एवं नवजात शिशुओं की देखभाल को लेकर भी विशेष रूप से जागरूक किया गया। अस्पताल आने वाली महिलाओं और उनके बच्चों को बेहतर उपचार के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी देने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में निरीक्षण हेतु पहुंचे अयोध्या मंडल के अपर निदेशक स्वास्थ्य एवं अपर निरीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह चौहान ने नर्सिंग स्टाफ का सम्मान करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सभी कर्मचारियों को एकता, अनुशासन और भाईचारे के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी तथा नर्सिंग दिवस की शुभकामनाएं दीं।
वहीं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने सभी नर्सिंग स्टाफ को अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग दिवस की बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की। इस दौरान नर्सिंग स्टाफ को सम्मानित करते हुए उपहार भी भेंट किए गए।
कार्यक्रम में डॉ. प्रेम दयाल — चिकित्सा अधीक्षक (एमएस), मेट्रन एवं जिला महिला चिकित्सालय का समस्त नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहा।
अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग में खुशी का माहौल देखने को मिला और सभी कर्मचारियों के चेहरे उत्साह से खिले नजर आए।



